चमोली जिले के ज्योतिर्मठ के समीप हुए हेलीकॉप्टर हादसे में मृत सभी छह लोगों के पार्थिव शरीर को दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से रेस्क्यू कर सड़क मार्ग तक पहुंचा दिया गया है। सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी शवों को बाहर निकाला।

हादसे के बाद से ही घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा था। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच विभिन्न सुरक्षा एवं बचाव एजेंसियों की टीमों ने समन्वय बनाकर अभियान को अंजाम दिया। संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह मृतकों के पार्थिव शरीर को घटनास्थल से निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया।