मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ करते हुए हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ और शिक्षाविद् हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग, आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया में अतिवृष्टि, बाढ़, भूस्खलन, सूखा और वनाग्नि जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में आपदाओं से निपटने के लिए साझा रणनीति और पूर्व तैयारी जरूरी है।
उन्होंने सिलक्यारा सुरंग हादसे का उल्लेख करते हुए कहा कि 41 श्रमिकों को 17 दिनों के प्रयासों के बाद सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक मिसाल है। इस अभियान में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन देते रहे।
धामी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा की घटना ने विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन की आवश्यकता को स्पष्ट किया है। हिमालयी राज्यों और पड़ोसी देशों को इन चुनौतियों से निपटने के लिए साझा प्रयास करने होंगे।
उन्होंने आपदा प्रबंधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया। कहा कि इनका लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी कर जनहानि रोकी जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एसडीआरएफ को मजबूत करने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और स्थानीय समुदायों को प्रशिक्षित करने पर काम कर रही है। सम्मेलन में आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी और एनडीएमए के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

