पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पुलिस मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यव्यापी विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में गढ़वाल एवं कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षकों तथा सभी जनपदों, एसटीएफ और जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों मौजूद रहे।
बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक माह से चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। अभियान के दौरान राज्यभर से 1400 से अधिक वांछित, फरार, इनामी एवं पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत 40 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 130 से अधिक लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट में निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
अवैध हथियारों पर शिकंजा
पुलिस ने राज्यभर में अभियान चलाकर 66 अवैध हथियार बरामद किए और संबंधित आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने अभियुक्त हरेंद्र सिंह उर्फ हनी और निखिल वर्मा को भारी मात्रा में अवैध असलाह और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया। जांच में इनके तार आतंकी संगठन अल बदर से जुड़े पाए गए।
वहीं एसटीएफ ने देहरादून से विक्रांत कश्यप को अवैध पिस्टल और कारतूसों सहित गिरफ्तार किया, जिसके पाकिस्तानी आतंकी संगठन अल बरक ब्रिगेड से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है।
बांग्लादेशी नागरिक भी गिरफ्तार
राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया।
4000 से अधिक लोगों पर कार्रवाई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने 4000 से अधिक असामाजिक तत्वों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान राज्यभर में 18 हजार से अधिक बार, पब, क्लब, स्पा, होटल और ढाबों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 1200 से अधिक लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।
चारधाम यात्रा में साइबर ठगी पर भी प्रहार
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। पुलिस द्वारा 200 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया लिंक ब्लॉक किए गए, जबकि 50 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर बंद कराए गए।
इन फर्जी लिंक और नंबरों के जरिए यात्रा पंजीकरण, हेली टिकट और होटल बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में 147 लिंक ऑपरेटरों और 27 फर्जी मोबाइल धारकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रमुख बिंदु
1400 से अधिक अपराधी गिरफ्तार
66 अवैध हथियार बरामद
4000 से अधिक असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई
18 हजार से अधिक होटल, बार और क्लबों की चेकिंग
200 फर्जी लिंक और 50 मोबाइल नंबर ब्लॉक
आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्ध गिरफ्तार
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन ए.पी. अंशुमान, आईजी साइबर नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
