श्री बदरीनाथ धाम के टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में भारतीय सेना एवं जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल-2026 का शनिवार को समापन हुआ। ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उपविजेताओं को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों से है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने के साथ सीमांत क्षेत्रों के युवाओं को सेना में सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों, महिला स्वयं सहायता समूहों, हस्तशिल्प और पहाड़ी व्यंजनों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को पर्यटन से जोड़कर सीमांत क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय सेना की सैन्य प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सेना और स्थानीय नागरिकों के बीच सहयोग एवं आपसी जुड़ाव बढ़ाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक, युवा और विद्यार्थी मौजूद रहे।