अंकिता भंडारी के चरित्र पर सवाल उठाने और उसके निजी मोबाइल की चैट सार्वजनिक करने के मामले में कांग्रेस ने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मंगलवार को अंकिता के माता-पिता के समर्थन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गांधी पार्क में धरने पर बैठे और उनके साथ डीजीपी कार्यालय तक मार्च कर पुलिस महानिदेशक से निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं और कांग्रेस इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने के आरोप में मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य तथा अंकिता के मोबाइल फोन की निजी चैट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
गांधी पार्क में धरने को समर्थन देने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। इसके बावजूद आज भी उसके माता-पिता को न्याय की मांग के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
गोदियाल ने कहा कि दुनिया में नहीं रही बेटी के चरित्र पर सवाल उठाना उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने जैसा है। वहीं, उसके निजी मोबाइल की चैट सार्वजनिक करना निजता का गंभीर उल्लंघन है। इससे पीड़ित परिवार की पीड़ा और बढ़ती है। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और किसी को भी राजनीतिक रसूख या प्रभाव के आधार पर कानूनी कार्रवाई से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।
धरने के बाद कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के माता-पिता के साथ गांधी पार्क से डीजीपी कार्यालय तक मार्च किया। वहां पुलिस अधिकारियों को शिकायत देकर संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई। गोदियाल ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल एक परिवार का मामला नहीं, बल्कि बेटियों की गरिमा और महिला सम्मान से जुड़ा सवाल है। कांग्रेस इस संघर्ष में पीछे नहीं हटेगी।

