Uttarakhand: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रन फॉर योगा में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून पुलिस लाइन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित रन फॉर योगा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का सशक्त अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘रन फॉर योगा’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

देवभूमि उत्तराखंड योग और आध्यात्मिक साधना की भूमि

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक और जीवनोपयोगी पद्धति है।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से मिली योग को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों के कारण योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री के प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।

तनाव और अवसाद से मुक्ति का प्रभावी माध्यम है योग

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

उत्तराखंड को योग और वेलनेस हब बनाने की दिशा में प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग और योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

योग अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बन सकते हैं।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मदन कौशिक, विनोद चमोली, सौरभ थपलियाल, रंजना राजगुरु, आशीष चौहान तथा परमेंद्र डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *