उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के बीटीकेआईटी द्वाराहाट परिसर में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (एआई-एमएल) और रोबोटिक्स की पढ़ाई होगी। तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दोनों नए बीटेक पाठ्यक्रमों के संचालन को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दोनों पाठ्यक्रम स्ववित्त पोषित माध्यम से संचालित होंगे।

मंत्री डॉ. रावत ने बताया कि एआई, मशीन लर्निंग और रोबोटिक्स जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित युवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी को देखते हुए राज्य के तकनीकी संस्थानों में आधुनिक और रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। बीटीकेआईटी में दोनों पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय की प्रशासकीय परिषद और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है।

अन्य संस्थानों में भी शुरू होंगे नए पाठ्यक्रम

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अन्य तकनीकी संस्थानों में भी जल्द एआई, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, बायोटेक, सेमीकंडक्टर और फुल-स्टैक डेवलपमेंट जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ ही उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।