गोविंदघाट स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने पवित्र श्री हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक मर्यादाओं का पालन करते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें।
हजारों श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन, मर्यादा के साथ करें यात्रा
ट्रस्ट की ओर से जारी अपील में बताया गया कि 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंट साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं से यात्रा के महत्व और उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए श्रद्धा एवं मर्यादा के साथ यात्रा करने का आग्रह किया गया है। साथ ही किसी भी ऐसे कार्य से बचने को कहा गया है जिससे धार्मिक भावनाओं या मर्यादाओं को ठेस पहुंचे। यात्रा के दौरान विवादों से दूर रहकर कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की गई है।
शस्त्रों के दुरुपयोग से बचने और बच्चों को दूर रखने की सलाह
अपील में कहा गया है कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म और मानवता की रक्षा से जुड़ा है, न कि उनके दुरुपयोग से। ऐसे में श्रद्धालु यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ लेकर न आएं। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाने की सलाह दी गई है।
देवभूमि की गरिमा बनाए रखने का किया आह्वान
ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि उत्तराखंड अपनी शांतिप्रिय संस्कृति और देवभूमि की पहचान के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। राज्य में श्री बदरीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री सहित अनेक प्रमुख तीर्थस्थल स्थित हैं। इन्हीं पवित्र स्थलों में श्री हेमकुंट साहिब का भी विशेष धार्मिक महत्व है, जिसकी गरिमा बनाए रखना सभी श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी है।
किसी भी विवाद की स्थिति में अधिकारियों से करें संपर्क
सरदार सेवा सिंह ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से पूरी आस्था, श्रद्धा और अनुशासन के साथ यात्रा संपन्न करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार के विवाद या समस्या की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।
