मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के दो सीमांत जनपदों से आए प्रेरणादायक समाचार पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने पूर्व पुलिस महानिरीक्षक (आई.जी.) बिमला गुंज्याल के पिथौरागढ़ जनपद की गुंजी ग्राम पंचायत और पूर्व कर्नल यशपाल सिंह नेगी के पौड़ी जनपद की बिरगण ग्राम पंचायत में निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने इसे उत्तराखंड में रिवर्स पलायन (वापसी प्रवृत्ति) का एक प्रेरणादायक और सकारात्मक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद इन वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने पैतृक गांव लौटकर ग्राम सेवा हेतु नेतृत्व करना पंचायती राज व्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ ग्रामीण विकास के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा ग्राम प्रधान चुने गए दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों का अनुभव ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई दिशा देगा। राज्य सरकार को आशा है कि गुंजी और बिरगण ग्राम पंचायतें भविष्य में मॉडल ग्राम के रूप में स्थापित होंगी।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि यह उदाहरण दर्शाते हैं कि रिटायरमेंट के बाद भी व्यक्ति समाज के लिए उपयोगी भूमिका निभा सकता है। राज्य सरकार ऐसे हर प्रयास को पूर्ण समर्थन और सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार ग्रामीण आजीविका, कृषि, बागवानी, और स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने के लिए कार्य कर रही है ताकि गांव आत्मनिर्भर बनें और रिवर्स पलायन की परंपरा को मजबूती मिल सके।