मुख्यमंत्री धामी ने 353 योजनाओं का किया लोकार्पण एवं शिलान्यास, बचपन की स्मृतियों की याद

पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल में आयोजित नारी शक्ति वंदन महोत्सव के अन्तर्गत ‘दशा-ध्याणी, ब्वै-ब्वारी‘ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर जनपद के लिए 800 करोड़ से अधिक की 353 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 134.61 करोड़ की 196 योजनाओं का लोकार्पण तथा 666.13 करोड़ की 157 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल में इतनी विशाल संख्या में पहुँची मातृशक्ति के इस असीम स्नेह हेतु मैं हृदय से ऋणी हूँ। हमारा प्रयास है कि पौड़ी जनपद का सर्वांगीण विकास हो और यह क्षेत्र उन्नति के नए शिखर को छुएगा। उन्होंने कहा कि हमारी मातृशक्ति ‘’आत्मनिर्भर भारत’‘ और ’’वोकल फॉर लोकल’’ के मंत्र को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही हैं। आज प्रदेश के दुर्गम गावों में महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाकर कुटीर उद्योगों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति प्रदान कर रही हैं।

मुख्यमंत्री कहा कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप राज्य सरकार प्रदेश के विकास और कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनमानस को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ‘ व ड्रग फ्री देवभूमि-2025 की शपथ दिलाई।

स्टॉल्स में निर्मित स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों की ली जानकारी
मुख्यमंत्री धामी ने ‘दिशा-ध्याणी, ब्वै-ब्वारी‘ कार्यक्रम स्थल पर लगे विभिन्न स्टॉल्स में मातृशक्ति द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

जन्दरी और मूसल से पीसी दाल
इस दौरान मातृशक्ति के साथ जन्दरी और गंज्याली (मूसल) से दाल पीसकर अपने बचपन की स्मृतियों का अनुभव किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि माताओं-बहनों द्वारा निर्मित उत्पादों को हमारी सरकार विश्वस्तरीय बाज़ार उपलब्ध करा रही है।

मूर्ति का अनावरण और पार्क का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री धामी ने रांसी में वीर शहीद जसवंत सिंह रावत की मूर्ति का अनावरण किया। इसके साथ ही देश के प्रथम सीडीएस रहे शहीद जनरल बिपिन रावत को समर्पित पार्क का लोकार्पण भी किया।

कंडोलिया मंदिर तक निकाला रोड शो
‘दिशा-ध्याणी, ब्वै-ब्वारी‘ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रांसी स्टेडियम से कंडोलिया मंदिर तक निकाले गये रोड शो में प्रतिभाग किया। कंडोलिया मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने भूमयाल देवता की पूजा अर्चना की।

इस दौरान स्कूली बच्चों, आंगनबाड़ी वर्कर्स और भोजन माताओं ने मुख्यमंत्री का फूलों-मालाओं से स्वागत किया।

कंडोलिया मंदिर पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने भूमयाल देवता की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर कंडोलिया ठाकुर देवता से समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि एवं राज्य की उन्नति हेतु प्रार्थना की।

‘‘दिशा ध्याणी, ब्यै-ब्वारी ‘‘ सम्मेलन कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डॉ0 धन सिंह रावत ने भी प्रतिभाग करते हुए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा देश-प्रदेश के विकास के किये जा रहे कार्यों से अवगत कराया।

इस दौरान स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत और यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजेन्द्र अंथवाल, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, महानिरीक्षक गढ़वाल के.एस. नगन्याल, जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ0 आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा पाण्डे, प्रभारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, पूर्व विधायक मुकेश कोहली, निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम सहित बड़ी संख्या में आम जनमानस उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *