आरटीओ के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ और पंतनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, लैपटॉप और प्रिंटर समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी आरटीओ के नाम पर वाहन संबंधी कार्य कराने के बहाने वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूल रहे थे। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में इस अवैध वसूली के नेटवर्क से अन्य लोगों के जुड़े होने की आशंका है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस धोखाधड़ी में कितने वाहन स्वामियों को निशाना बनाया गया है।