उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने डेढ़ दशक से अधिक समय से फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी देहरादून के बसंत विहार और नैनीताल के हल्द्वानी में दर्ज डकैती के मामलों में करीब 17 वर्षों से वांछित चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचनाएं जुटाईं और उसकी लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद टीम ने पश्चिम बंगाल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। उत्तराखंड पुलिस की ओर से वांछित और इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

