कुंभ मेला-2027 के लिए गंगा तटों पर अस्थायी कुंभ नगरी बसने लगी है। पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में टेंट लगाने का काम शुरू हो गया है। मेला व्यवस्थाओं में जुटने वाले पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के 30 से 35 हजार कार्मिकों के लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं। गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न शिविर स्थलों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्मिकों के आवास और कार्यालयों के लिए अलग-अलग सेक्टरों में स्विस कॉटेज, ईपी टेंट, फैमिली टेंट, छोलदारी, दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट के साथ जर्मन हैंगर भी स्थापित किए जाएंगे। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में सुरक्षित आवास के साथ सड़क, बिजली, पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि टेंटों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और कार्मिकों के पहुंचने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं तैयार होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

