द्वितीय केदार भगवान श्री मध्यमहेश्वर की चल विग्रह डोली शुक्रवार को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई। डोली के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अब आगामी छह माह तक ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान मध्यमहेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना और दर्शन होंगे।
डोली के ऊखीमठ पहुंचने के साथ ही भगवान मध्यमहेश्वर की शीतकालीन पूजा की परंपरा शुरू हो गई है। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा की चल विग्रह डोली का स्वागत किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
शीतकाल के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर के साथ ही बाबा केदारनाथ की भी पूजा-अर्चना और दर्शन होते हैं। इस अवधि में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर दोनों धामों के शीतकालीन दर्शन कर सकेंगे।

