देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में अब कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सुविधा की घोषणा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण का व्यावहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। उत्तराखंड में पहली बार इस प्रजाति का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि चिड़ियाघर केवल पर्यटन का केंद्र नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इसी क्रम में अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा, ताकि वे वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी हासिल कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के सर्वाधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। यहां की समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता प्राकृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।