बदरीनाथ धाम में लगातार बारिश और बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस के जवान मुस्तैदी से डटे हुए हैं। धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने में अब केवल एक दिन शेष है। भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। इसके चलते मार्गों पर यातायात का दबाव भी बढ़ गया है।

रविवार सुबह से ही बदरीनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है। तापमान में गिरावट और कड़ाके की ठंड के बावजूद पुलिसकर्मी सड़कों पर तैनात रहकर यातायात व्यवस्था संभाल रहे हैं। प्रतिकूल मौसम में भी जवान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लगातार ड्यूटी निभा रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और खराब मौसम के कारण यातायात व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ऐसे में पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ वाहनों का संचालन सुचारू रखने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित बनाने में जुटे हैं।

चमोली पुलिस का कहना है कि बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस हर परिस्थिति में मुस्तैद है, ताकि खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से भगवान बदरीविशाल के अंतिम दर्शन कर सकें।