विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को सुबह 8:30 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का विधिवत समापन हो गया। इसके बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। बाबा केदार की विदाई के समय पूरा धाम जयकारों और सेना के बैंड की मधुर धुनों से गूंज उठा। इस भावुक क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे थे।
कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया बुधवार तड़के चार बजे से विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई गई। इसके बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 8:30 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के जयकारे लगाकर धाम को भक्तिमय बना दिया।
कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़ सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी तथा देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। बाबा की डोली के धाम से विदा होते समय श्रद्धालु भावुक नजर आए। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ डोली को विदाई दी। कई भक्त डोली के साथ ही धाम से नीचे की ओर रवाना हुए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली बुधवार को रामपुर में रात्रि प्रवास करेगी। 12 नवंबर को गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदार की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।
अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की नियमित पूजा और धार्मिक अनुष्ठान ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होंगे। इस दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन दर्शन कर सकेंगे। अब अगले वर्ष 2027 में ग्रीष्मकाल के दौरान कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का नया पड़ाव शुरू होगा।

