केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के चार प्रमुख मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने लमगोंडी-देवली-भणिग्राम, बलसुंडी-अखोड़ी, बाड़व मल्ला-कांदी और उनियाणा-रांसी-तलसारी मोटर मार्गों के कार्यों के लिए वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इन सड़कों के सुधारीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी।

केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने इसके लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज का आभार जताया। उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। क्षेत्र की जरूरतों और जनसमस्याओं को शासन के समक्ष लगातार उठाया जा रहा है, ताकि विकास कार्यों को स्वीकृति मिल सके।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनअपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। केदारनाथ विधानसभा के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा।

वहीं, जिला पंचायत सदस्य सरोज राणा ने भी मुख्यमंत्री और विधायक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन चारों मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र की जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता मिल रही है।