छह साल के मासूम को सुरक्षित निकाला, हाइड्रा से कंटेनर हटाकर कटर से काटनी पड़ी कार; ब्रेक फेल होने से हादसे की आशंका
देहरादून के मोहब्बेवाला चौक पर बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह साल का मासूम बाल-बाल बच गया। सहारनपुर से देहरादून आ रही कार के बराबर से गुजर रहा खाद से भरा कंटेनर रंबल स्ट्रिप पार करते ही अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। भारी-भरकम कंटेनर के नीचे कार पूरी तरह दब गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब कई घंटे की मशक्कत के बाद हाइड्रा की मदद से कंटेनर हटाया और कटर से कार की छत काटकर छह वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के बाद कंटेनर चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सहारनपुर निवासी परिवार कार से देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला चौक पर कार के बराबर से खाद से भरा कंटेनर गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रंबल स्ट्रिप पार करने के बाद कंटेनर अचानक डगमगाने लगा और कार के ऊपर पलट गया। इससे कार पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन कार बुरी तरह दबने के कारण कोई भी उसमें फंसे लोगों को बाहर नहीं निकाल सका।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। सबसे पहले हाइड्रा की मदद से कंटेनर को कार के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद दो कटर की मदद से कार की छत काटकर अलग की गई। काफी मशक्कत के बाद छह वर्षीय माहेर कपूर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वहीं, कार में फंसे चार अन्य लोगों को बाहर निकालकर दो एंबुलेंस से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज के रूप में हुई है। घायल मासूम माहेर कपूर (6) है। बताया गया कि परिवार मिश्रेष कपूर के छोटे भाई की गर्भवती पत्नी को देखने के लिए देहरादून आ रहा था।
ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुआ कंटेनर
पुलिस की शुरुआती जांच में कंटेनर के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, ब्रेक फेल होने के कारण कंटेनर काफी दूर से तेज रफ्तार में आ रहा था। रंबल स्ट्रिप पार करते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कंटेनर कार के ऊपर पलट गया। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंटेनर काफी दूर से ही डगमगाते हुए आ रहा था। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी कि शवों को निकालने के लिए भी उसे कटर से काटना पड़ा।

