मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक 14.97 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित मोटर मार्ग चौड़ीकरण कार्य का भूमि पूजन किया। सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की जनता के साथ उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि मां-बेटे के अटूट रिश्ते जैसा है। यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें निरंतर प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खटीमा के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय महाविद्यालय में भवन निर्माण, आईटीआई और बालिका विद्यालयों के आधुनिकीकरण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। वहीं, सड़कों के चौड़ीकरण, पुलों के निर्माण और बस अड्डे जैसी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए चीनी मिल के संचालन, गन्ने की समय पर पेराई और भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है। खटीमा में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दायित्वधारी मोहिनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।