कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को कुंभ क्षेत्र में विभिन्न निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चंडी चौक के निकट निर्माणाधीन डबल लेन अंडरपास को निर्धारित समयसीमा में हर हाल में पूरा करने के लिए प्रतिदिन की कार्ययोजना और पर्ट चार्ट तैयार करने को कहा। साथ ही सड़क सुधार, सर्विस लेन चौड़ीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को भी समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने शंकराचार्य चौक, कनखल सहित कुंभ क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने चौराहों और सड़कों के सुधार, सौंदर्यीकरण, फुटपाथ निर्माण, पेयजल व्यवस्था और घाटों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। निर्माण कार्यों के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और आवागमन का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

अंडरपास की रोजाना होगी प्रगति की समीक्षा

देर शाम मेलाधिकारी ने प्रशासनिक रोड परियोजना के साथ चंडी चौक के निकट बन रहे डबल लेन अंडरपास का निरीक्षण किया। कुंभ के दौरान यातायात संचालन, प्रशासनिक गतिविधियों और भीड़ प्रबंधन के लिहाज से इस परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आगामी अवधि में प्रतिदिन किए जाने वाले कार्यों की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने और पर्ट चार्ट प्रस्तुत करने को कहा। इससे परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सकेगी और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्य पूरा करने में मदद मिलेगी।

सर्विस लेन चौड़ीकरण जल्द पूरा करने के निर्देश

मेलाधिकारी ने चंडी चौक के सुधार कार्यों और इस क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन चौड़ीकरण की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को इन कार्यों में तेजी लाते हुए शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात का सुचारु संचालन और आवागमन की बेहतर व्यवस्था जरूरी है। इसके लिए सड़क सुधार और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।