उत्तराखंड सरकार ने करवा चौथ पर्व के अवसर पर प्रदेश की महिला कार्मिकों के लिए 29 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। सरकार के इस निर्णय को महिलाओं की आस्था और पारंपरिक पर्वों से जुड़ी भावनाओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि करवा चौथ महिलाओं की आस्था, प्रेम और पारिवारिक विश्वास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। राज्य सरकार महिलाओं की भावनाओं, आस्था और परंपराओं का सम्मान करते हुए उनके हितों के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक पर्वों से जुड़ी भावनाओं को भी मजबूती मिले। करवा चौथ जैसे पर्व परिवारों में प्रेम, विश्वास और आपसी समर्पण की भावना को सशक्त करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक परंपराएं समाज को आपस में जोड़ने का काम करती हैं। इन पर्वों से जुड़ी आस्था और भावनाओं का सम्मान करना भी सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

