मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में सड़क निर्माण, पेयजल, शहरी सड़क रखरखाव, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए करीब 36 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी है। इसमें हरिद्वार में 10 किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण, ऊधमसिंह नगर के गदरपुर में सड़कों के सुधारीकरण और देहरादून में पेयजल योजना के लिए धनराशि शामिल है। इसके साथ ही कुंभ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस विभाग को तीन बम सूट खरीदने की मंजूरी भी दी गई है।
राज्य योजना के तहत हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के मध्य हरिद्वार में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 4.21 करोड़ रुपये और ज्वालापुर क्षेत्र में पांच किलोमीटर सीसी मार्ग के लिए 4.83 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से दोनों क्षेत्रों में सड़क सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कोटाबाग विकासखंड में राज्य मार्ग संख्या-61 पर सरदारनगर-केशोवाला-बन्नाखेड़ा-बैलपड़ाव-कोटाबाग-कालाढूंगी मार्ग के किमी 75.200 से 81.00 तक बीएम और एसडीबीसी तकनीक से सुधारीकरण के लिए पांच करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में नेतानगर से राधास्वामी सत्संग होते हुए अमरपुर तक सड़क सुधारीकरण और आंतरिक मार्गों पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 6.14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, श्रीरामपुर से धीमरी ब्लॉक होते हुए चक्की मोड़ तक सड़क निर्माण के लिए 5.73 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।
देहरादून में डिजिटल तकनीक से होगी सड़कों की निगरानी
देहरादून शहर की मुख्य सड़कों के रखरखाव को बेहतर बनाने के लिए परफॉर्मेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट (पीबीएमसी) के तहत पर्यवेक्षण सलाहकार की नियुक्ति के लिए 4.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस व्यवस्था में सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से ठेकेदार के रखरखाव कार्यों का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा। इसके लिए डिजिटल डैशबोर्ड विकसित करने के साथ सड़क और बुनियादी ढांचे की निगरानी की जाएगी।
देहरादून के रायपुर विकासखंड की इंदिरा कॉलोनी पेयजल योजना के लिए 3.59 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे क्षेत्र में पेयजल संबंधी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कुंभ सुरक्षा और मंदिर सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी
कुंभ मेले के दौरान एंटी सबोटाज जांच के लिए पुलिस विभाग को तीन बम सूट खरीदने के लिए 1.53 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुमौड़ मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 96 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इन स्वीकृतियों का उद्देश्य प्रदेश में सड़क और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के साथ शहरी बुनियादी ढांचे, धार्मिक स्थलों और कुंभ मेले की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यों को गति देना है।

