बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने गैरसैंण में विधानसभा घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए जनसमस्याओं पर जवाबदेही तय करने की मांग की। कांग्रेस ने दावा किया कि विधानसभा घेराव में उमड़ी भीड़ इस बात का संकेत है कि वर्ष 2027 में प्रदेश की भाजपा सरकार की विदाई तय है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने जनता के अधिकारों, प्रदेश के हितों और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस की ओर से प्रदर्शनकारियों को रोकने पर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के इशारे पर पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिहाज से उचित नहीं है। कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज सुनना और जनसमस्याओं को उठाने का अवसर देना सरकार की जिम्मेदारी है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उत्तराखंड के हक, जनता के अधिकारों और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के लिए कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। पार्टी ने सरकार से महंगाई, बेरोजगारी सहित अन्य ज्वलंत समस्याओं पर ठोस कदम उठाने की मांग की।

