मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।

मुख्यमंत्री धामी ने लोहियाहेड हेलीपैड और कैंप कार्यालय में लोगों से मुलाकात के दौरान उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और समस्याओं का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रशासन की जवाबदेही तय करने के साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आमजन को समय पर राहत मिले। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने और अनावश्यक देरी से बचने को कहा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विकास संबंधी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।