रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई सोनिया को सतर्कता विभाग की टीम ने शनिवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने दो पक्षों के बीच लेनदेन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी।

सतर्कता विभाग के मुताबिक, टोल फ्री नंबर 1064 पर इस संबंध में शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एएसआई उसके पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता, सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम गठित की।

शनिवार, 10 अक्टूबर को टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।