बछेली ग्रामसभा में बाघ के हमले में महिला की मौत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा देने के साथ ही क्षेत्र में बाघ की सक्रियता पर निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि महिला की मौत बेहद दुखद घटना है। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है।
गोदियाल ने कहा कि पौड़ी गढ़वाल समेत प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमले ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ग्रामीणों को खेती-बाड़ी, दैनिक कार्यों और मवेशियों की देखभाल के लिए भी भय के माहौल में रहना पड़ रहा है।
उन्होंने वन विभाग और जिला प्रशासन से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना और उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।

