रायपुर क्षेत्र के विष्णुलोक में बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका की हत्या के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जब राजधानी में लोग अपने घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं तो सरकार और पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जवाब देना होगा।
गोदियाल ने कहा कि घर में घुसकर तीन लोगों की हत्या की घटना बेहद गंभीर है। इससे न केवल तीन परिवारों को अपूरणीय क्षति हुई है, बल्कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर दावे करती है, लेकिन राजधानी में सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं के बीच इन दावों पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि रायपुर की घटना से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। जब प्रदेश की राजधानी में ऐसी वारदात होती है तो पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने घटना की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की। साथ ही कहा कि वारदात के पीछे किसी भी तरह की सुरक्षा चूक, लापरवाही या आपराधिक नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसकी भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी पुलिसिंग और निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी केवल घटना के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं होनी चाहिए। अपराधों की रोकथाम के लिए जमीन पर प्रभावी व्यवस्था दिखाई देनी चाहिए, ताकि देहरादून समेत पूरे प्रदेश के नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।

