उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड कायम किया है। इस वर्ष चारधाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 56,18,497 के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही वर्ष 2023 में दर्ज सर्वाधिक श्रद्धालुओं के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए चारधाम यात्रा ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। बाबा केदारनाथ, बदरीविशाल, मां गंगोत्री और मां यमुनोत्री के दर्शन के लिए देश-दुनिया से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवभूमि पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, आवास और आपदा प्रबंधन के साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्तरों पर इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के सफल संचालन के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ समेत संबंधित विभागों के बीच समन्वय पर भी विशेष जोर दिया गया।

सरकार के अनुसार, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम हुई है। यात्री सुविधाओं के विस्तार का असर चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के रूप में दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि देवभूमि आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु राज्य का अतिथि है। सरकार का प्रयास है कि हर श्रद्धालु की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुखद हो। रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना उत्तराखंड में विकसित हो रही सुविधाओं और श्रद्धालुओं के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने यात्रा के सफल संचालन में योगदान देने वाले प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, स्थानीय निकायों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय लोगों और यात्रा व्यवस्था से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रयासों की सराहना की।