उत्तराखंड में 6 से 11 अक्टूबर तक मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने इस अवधि के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 6 से 8 अक्टूबर के बीच अच्छी बर्फबारी हो सकती है, जबकि 9 से 11 अक्टूबर के दौरान करीब 3800 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

सात जिलों में तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट

चमोली, नैनीताल, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

छह-सात को छह जिलों में बारिश

6 और 7 अक्टूबर को नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, देहरादून, टिहरी और पौड़ी में मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान तेज गर्जन और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।