हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। कॉलेज में प्रत्येक बैच में 50 एमबीबीएस छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। खास बात यह है कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हरिद्वार स्थित मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए की जाएगी। इससे राज्य में चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी 30 जून 2026 को नई दिल्ली स्थित ईएसआईसी मुख्यालय में हुई कर्मचारी राज्य बीमा निगम की 198वीं बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में दी गई है। मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के संसाधनों का उपयोग कर कॉलेज शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की मंजूरी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा का दायरा बढ़ेगा। युवाओं को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए एक और महत्वपूर्ण संस्थान उपलब्ध होगा। साथ ही हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को भी और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा ईएसआईसी अस्पताल के बुनियादी ढांचे का उपयोग कर कॉलेज शुरू करने से उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल होगा। इससे चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने के साथ क्षेत्र को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ भी मिल सकेगा।
