मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में जनसुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। जिला या विभागीय स्तर पर हल होने वाले मामलों को शासन स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के भी निर्देश दिए।

जनसुनवाई में लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता समेत क्षेत्रीय व व्यक्तिगत समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। शिकायतों के निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग के साथ शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने की बात कही।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार के साथ स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।

इस दौरान थाईलैंड में आयोजित 9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल तथा कांस्य पदक विजेता मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल को बधाई दी।