कर्णप्रयाग विकासखंड के सकण्ड (स्कंद) गांव में सड़क सुविधा के लिए ग्रामीणों के खुद गेती, फावड़े और कुदाल उठाकर श्रमदान करने की खबरों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क समस्या का समाधान प्राथमिकता से करने और तीन माह के भीतर निर्माण की दिशा में तेजी से कार्रवाई करने को कहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद मंगलवार को राजस्व, वन और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकण्ड गांव पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रक्रिया में तेजी लाने और तीन माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गांवों का विकास और ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए शासन-प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई शुरू होने पर ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राजस्व, वन और लोनिवि की संयुक्त टीम गांव पहुंची है और तीन माह के भीतर सड़क निर्माण संबंधी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। ग्राम प्रधान ने शासन और जिला प्रशासन का भी आभार व्यक्त किया।