मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिन पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत बच्चों के साथ केक काटा और खुशियां साझा कीं। बच्चों के बीच आत्मीयता से समय बिताते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे संवाद किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय उन्हें नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण केवल सरकार का विषय नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कहा कि हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित नजर आए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।
