श्री राजराजेश्वरी मां नंदा जात यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवान देव डोलियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। कठिन चढ़ाइयों, गधेरों, दुर्गम पगडंडियों और संकरे व फिसलन भरे रास्तों पर जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं। यात्रा मार्ग से लेकर रात्रि विश्राम स्थलों तक पर्याप्त पुलिस बल और एसडीआरएफ की तैनाती की गई है।
यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु देव डोलियों के साथ आस्था और भक्ति में सराबोर होकर आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में पुलिसकर्मी भी डोलियों के साथ पैदल चलते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। जोखिम वाले स्थानों पर जवान विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। वहीं, एसडीआरएफ की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
यात्रा मार्ग पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद जवान सेवाभाव के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। रात्रि विश्राम पड़ावों पर भी पर्याप्त बल तैनात किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
आज इन स्थानों पर पहुंचेगी डोली
10 सितंबर को परगना दशोली की डोली रात्रि विश्राम के लिए पगना, परगना बधाण की डोली सूना और परगना बंड क्षेत्र की डोली किरोली पहुंचेगी। पुलिस के अनुसार यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।
