हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 को लेकर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटित किया है। इसमें 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन चावल शामिल है। बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और अन्य जरूरतों को देखते हुए राज्य सरकार की मांग पर केंद्र ने यह अतिरिक्त आवंटन किया है।

उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार यह आवंटन राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत किया गया है। कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को वार्षिक खाद्यान्न आवंटन का अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने का प्रावधान है।

राज्य सरकार ने की थी अतिरिक्त आवंटन की मांग

कुंभ मेला-2027 को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से राज्य के लिए अतिरिक्त गेहूं और चावल आवंटित करने का अनुरोध किया था। इसके बाद भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने राज्य को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया है।

इस अतिरिक्त आवंटन से कुंभ मेले के दौरान खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार का फोकस आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर है।

भव्य और सुव्यवस्थित कुंभ की तैयारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित और भव्य रूप से आयोजित करने के लिए राज्य सरकार सभी आवश्यक तैयारियां कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

खाद्यान्न आपूर्ति पर रहेगा फोकस

कुंभ के दौरान खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता महत्वपूर्ण रहेगी। केंद्र से मिले अतिरिक्त गेहूं और चावल से राज्य को आयोजन के दौरान खाद्यान्न आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। सरकार की ओर से कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए अन्य तैयारियों के साथ खाद्यान्न भंडारण और वितरण व्यवस्था को भी सुनिश्चित किया जाएगा।