भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के वंदे मातरम को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस ने तीखा पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा विभाजनकारी बयान देकर उत्तराखंड के गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने महेंद्र भट्ट के बयान को वैचारिक संकीर्णता और राजनीतिक दिवालियेपन का प्रतीक बताया।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं को कांग्रेस के राष्ट्रवाद और देशभक्ति के इतिहास पर सवाल उठाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम, त्याग और बलिदान से जुड़ा रहा है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गौरवशाली इतिहास भी कांग्रेस के अधिवेशनों से जुड़ा है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा, वे आज देशप्रेम की बातें कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा अंकिता भंडारी हत्याकांड, केदारनाथ गर्भगृह से जुड़े सोना प्रकरण, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे बयान दे रही है।
उन्होंने महेंद्र भट्ट को युवाओं की बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और ठप पड़े विकास कार्यों पर बात करने की चुनौती दी। साथ ही कहा कि कांग्रेस भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे को जनता के सामने बेनकाब करेगी।
