कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई सभा के बाद रामलीला मैदान के शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध तेज हो गया है। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। उन्होंने शुद्धिकरण की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया।

एससी-एसटी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार और प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता शंकर आश्रम के पास एकत्र हुए। यहां से जुलूस निकलते हुए शंकराचार्य चौक की ओर रवाना हुए।

शंकराचार्य चौक पर पदाधिकारियों ने सम्बोधित करते हुए कहा कि किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बाद सार्वजनिक स्थल के शुद्धिकरण की बात समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा करने वाली मानसिकता को दर्शाती है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया।

प्रदर्शन में पूर्व राज्य मंत्री संजय पालीवाल, संजय सैनी, सुखपाल सिंह जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार दुबे, महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी नरेश सेमवाल, ईशम सिंह, एडवोकेट सतीश दुबे, दिनेश पुंडीर, प्रधान दिनेश वालिया, तेलूराम प्रधान, सोहेल कुरैशी, ताहिर, उमेश बर्मन, अजीत कुमार, प्रभारी महेश प्रताप राणा तथा सी.पी. सिंह (भेल) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।