मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर शुरू किए गए मेरे सपनों का उत्तराखंड अभियान को विद्यार्थियों का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। अब तक 35 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने ‘सीएम विद्यार्थी मंथन डॉट कॉम’ पोर्टल पर अपने निबंध अपलोड किए हैं। निबंध भेजने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है।
मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को प्रदेश के करीब तीन लाख 11वीं-12वीं के विद्यार्थियों से ऑनलाइन संवाद करते हुए उन्हें राज्य के विकास को लेकर अपने विचार निबंध के माध्यम से साझा करने का आह्वान किया था। विद्यार्थियों से पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, वन एवं पर्यावरण और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर सुझाव मांगे गए हैं।
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को शासन के सचिवों के साथ विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा। साथ ही उनके विचारों को नीतियों में शामिल करने पर भी विचार किया जाएगा। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर और परीक्षा की तैयारी के लिए छात्रवृत्ति समेत अन्य पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।
निबंध अपलोड करने के बाद विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र भी मिल रहा है। अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थी इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं अभियान की नियमित समीक्षा कर रहे हैं।
