उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि सरकार मानदेय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जल्द ही कार्यकर्ताओं को इस संबंध में बड़ी खुशखबरी मिल सकती है।
बाजपुर के श्रीराम जानकी मंडप में आयोजित अधिवेशन में मंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठा रही है। लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए कार्यकर्ताओं को पदोन्नति के जरिए सुपरवाइजर बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली एकमुश्त धनराशि में भी बढ़ोतरी की जा रही है। इसके अलावा सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पेंशन का लाभ देने की योजना पर गंभीरता से विचार कर रही है। संभव है कि वर्ष 2026 में इस संबंध में अंतिम निर्णय ले लिया जाए।
मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उनके हितों और समस्याओं को लेकर सरकार संवेदनशील है। अधिवेशन में संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगें और समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मंत्री ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, राज्य मंत्री मनजीत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
