कांवड़ मेले के 11वें दिन धर्मनगरी हरिद्वार में डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ी। रविवार को 60 लाख 70 हजार शिवभक्त हरकी पैड़ी और अन्य घाटों से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से अब तक 3 करोड़ 80 लाख 18 हजार कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।

शिवभक्तों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है। यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

प्रशासन ने कांवड़ियों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित यात्रा में सहयोग देने का भी आग्रह किया है।