स्वतंत्रता दिवस से पहले रविवार को देहरादून में हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांधी पार्क से घंटाघर तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों लोगों के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा देश के करोड़ों नागरिकों के स्वाभिमान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों ने इसकी आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है और यहां की मिट्टी ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उनके अनुसार पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जबकि स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
