टिहरी मेडिकल कॉलेज की स्थापना स्थल को लेकर भाजपा विधायक किशोर उपाध्याय और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच चल रहे विवाद को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के कारण मेडिकल कॉलेज का निर्माण वर्षों से अधर में लटका हुआ है, जिससे टिहरी की जनता को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
प्रेस को जारी बयान में डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि टिहरी मेडिकल कॉलेज को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रहा विवाद जनहित के बजाय राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय सत्ता पक्ष के नेता आपसी मतभेदों में उलझे हुए हैं, जिससे क्षेत्र की जनता लंबे समय से मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की घोषणा वर्षों पहले की गई थी, लेकिन आज तक उसका निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि अब चुनावी माहौल को देखते हुए भाजपा के नेता कॉलेज निर्माण का श्रेय लेने की होड़ में एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए हैं।
डॉ. प्रतिमा सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं की अपेक्षा राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि टिहरी की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रही है, जबकि सत्ता पक्ष के नेता आपसी विवाद में उलझे हुए हैं।
कांग्रेस ने राज्य सरकार से मांग की है कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण को लेकर जल्द निर्णय लिया जाए और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में शीघ्र कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस भाजपा नेताओं और सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करेगी।
