मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसाईआर) अभियान के दूसरे चरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जिलाधिकारियों को मतदाताओं को समय पर नोटिस उपलब्ध कराने और सुनवाई के लिए पर्याप्त अवसर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में बताया गया कि सभी जनपदों में शत-प्रतिशत नोटिस प्रिंट कर ईआरओ और बीएलओ स्तर तक पहुंचा दिए गए हैं तथा सुनवाई की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों द्वारा नोटिसों की सुनवाई के लिए तैयार की गई कार्ययोजनाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखना बेहद महत्वपूर्ण है। जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, उन्हें नियमानुसार समय पर सूचना मिले और अपनी बात रखने के लिए पर्याप्त समय भी उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नोटिस वितरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्वाचन नियमों के अनुरूप सुनवाई का कार्य शुरू हो गया है। जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए आवश्यक है। इसलिए प्रत्येक मामले की सुनवाई निष्पक्षता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जाए तथा सभी अभिलेखों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित प्रदेश के सभी जिलों के जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।