बाबा भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और समर्पण का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए श्रद्धालु हरपाल हरिद्वार की हरकी पैड़ी से घुटनों के बल कांवड़ लेकर नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ धाम के लिए रवाना हुए हैं। कई सौ किलोमीटर लंबी इस कठिन धार्मिक यात्रा को पूरा करने में लगभग 411 दिन लगने का अनुमान है। श्रद्धालु की इस तपस्या और अडिग संकल्प ने हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया है।
हरपाल इससे पहले भी हरकी पैड़ी से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र तक घुटनों के बल कांवड़ यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर चुके हैं। अब उन्होंने भगवान शिव के प्रति अपनी अगाध श्रद्धा व्यक्त करते हुए पशुपतिनाथ धाम तक की और भी लंबी एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा का संकल्प लिया है।
श्रद्धालु हरपाल का कहना है कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी भक्ति, विश्वास और आत्मसमर्पण का प्रतीक है। कठिन रास्तों, मौसम की चुनौतियों और शारीरिक कष्टों के बावजूद उनका संकल्प अडिग है।
