आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में ऋषिकेश में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन की अध्यक्षता में देहरादून, पौड़ी और टिहरी जनपदों में तैनात पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के साथ आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान एडीजी वी. मुरुगेशन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु उत्तराखण्ड पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने यातायात एवं भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, विभिन्न जनपदों के पुलिस बल के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया। साथ ही सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने और अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस “मित्रता, सेवा और सुरक्षा” के मूल मंत्र के साथ कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
