लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अध्यक्षता में देहरादून और हरिद्वार में वरिष्ठ नेताओं की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें संगठनात्मक रणनीति और युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने बताया कि कोटा के बाद उत्तराखंड में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम की तैयारियों के तहत देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महानगर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा हरिद्वार में हिमगिरि होटल में जिला स्तर के नेताओं की बैठक बुलाई गई। बैठकों में कार्यक्रम की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और छात्रों तक संदेश पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 17 जुलाई को राहुल गांधी देहरादून के परेड ग्राउंड में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाना तथा उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ना है।

गोदियाल ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों की नीतियों का सबसे अधिक असर युवाओं पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और पढ़ाई के बावजूद युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है तथा भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से उनका भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की पीड़ा को समझते हैं और उनके मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए देहरादून आ रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा और इसका संदेश प्रदेश के हर युवा तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र-युवा संगठनों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया।

बैठक में पूर्व मंत्री नवप्रभात, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।