कांग्रेस की वैचारिक पहल रचनात्मक कांग्रेस को सामाजिक संवाद और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के मंच के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यह किसी संगठनात्मक पद या राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि संविधान में आस्था रखने वाले प्रगतिशील नागरिकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, युवाओं, महिलाओं और जन आंदोलनों को जोड़ने की पहल है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाना है।
देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक विमर्श तक सीमित नहीं है। यह मंच संविधान में निहित समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि देश के विकास में रचनात्मक भागीदारी तभी संभव है, जब समाज के सभी वर्ग सकारात्मक सोच के साथ मिलकर आगे बढ़ें।
संदीप दीक्षित ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से प्रेरित एक स्वतंत्र मंच है, जो सामाजिक सरोकारों और वैचारिक प्रतिबद्धता के आधार पर कार्य करेगा। इसका उद्देश्य लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय, समावेशिता और भारत की बहुलतावादी परंपरा में विश्वास रखने वाले लोगों को एक साझा मंच पर लाना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सहभागिता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, किसान एवं श्रमिक संगठनों सहित विभिन्न जन आंदोलनों से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां समाज और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा और रचनात्मक पहल को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह मंच समाज में वैचारिक जागरूकता बढ़ाने, संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण और जनभागीदारी को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक समूहों और कांग्रेस के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम भी बनेगा।
प्रेस वार्ता में विजय प्रताप, आशीष जोशी और भुवन पाठक ने भी अपने विचार रखते हुए रचनात्मक कांग्रेस की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम का संचालन सुजाता पॉल ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, निशांत रौथाण, प्रभात पाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।
