रानीखेत क्षेत्र में छह दिनों से लापता युवती को अल्मोड़ा पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त अभियान चलाकर घने जंगल से सकुशल बरामद कर लिया। ड्रोन, डॉग स्क्वॉड और कई विभागों की समन्वित कार्रवाई के बाद सुंदरखाल के जंगल में युवती का पता लगाया गया। प्राथमिक उपचार देने के बाद रेस्क्यू टीम ने करीब छह किलोमीटर के दुर्गम पहाड़ी रास्ते से स्ट्रेचर के सहारे उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, युवती के लापता होने की सूचना मिलने के बाद अल्मोड़ा पुलिस ने व्यापक स्तर पर खोज अभियान शुरू किया। अभियान में एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पीएसी, वन विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमों को भी लगाया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीमों ने लगातार छह दिनों तक सघन तलाशी अभियान जारी रखा।
खोज अभियान के दौरान आधुनिक तकनीक का भी सहारा लिया गया। ड्रोन कैमरों से जंगल के दुर्गम इलाकों की निगरानी की गई, जबकि डॉग स्क्वॉड की मदद से संभावित स्थानों की तलाश तेज की गई। संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप युवती सुंदरखाल के घने जंगल में सकुशल मिली।
रेस्क्यू टीम ने मौके पर ही युवती को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद दुर्गम और संकरे पहाड़ी मार्ग से लगभग छह किलोमीटर तक स्ट्रेचर के माध्यम से ले जाकर उसे सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी एजेंसियों के बेहतर समन्वय, सतर्कता और निरंतर प्रयास के कारण यह रेस्क्यू अभियान सफल रहा। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति लापता होता है तो उसकी सूचना बिना देरी किए तत्काल पुलिस को दें। समय पर दी गई सूचना से खोज एवं बचाव अभियान तेजी से शुरू किया जा सकता है और सुरक्षित रेस्क्यू की संभावना बढ़ जाती है।
