मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 5 से 9 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। अलर्ट को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार चमोली, नैनीताल, बागेश्वर, देहरादून, पौड़ी सहित कई पर्वतीय जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा और तीव्र बौछारें पड़ने की संभावना है। लगातार बारिश के चलते भूस्खलन और सड़क बाधित होने जैसी परिस्थितियां भी उत्पन्न हो सकती हैं।

वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत राज्य के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का भी अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे मौसम के दौरान खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

उत्तराखंड पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय भूस्खलन संभावित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें। यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पुलिस ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें। प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग अलर्ट मोड पर हैं तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।